शिमला 15 फरवरी
हिम नयन न्यूज़/ब्यूरो/वर्मा
महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर आज पूरा हिमाचल प्रदेश शिवमय नजर आया। प्रदेश भर के शिवालयों के साथ-साथ अन्य मंदिरों में भी विशेष पूजा-पाठ और धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए गए। सुबह से ही शिव भक्तों की मंदिरों में लंबी कतारें लगी रहीं, जहां श्रद्धालुओं ने भगवान शिव की विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर परिवार और प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की तथा प्रसाद ग्रहण किया।
हिमाचल की औद्योगिक नगरी बीबीएन भी महाशिवरात्रि के अवसर पर पूरी तरह शिवमय दिखाई दी। क्षेत्र के मंदिरों में दिनभर भजन-कीर्तन, जलाभिषेक और धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
नालागढ़ अर्की सोलन हमीरपुर नादौन ऊना कांगड़ा कुल्लू से ले कर धर्मशाला तक शिव भगवान के भक्तों ने व्रत समाप्त कर के पूजा अर्चना की ।
हिमाचल शिव भगवान की भूमि मानी जाती है ।
रामशहर क्षेत्र के पहाड़ी चिकनी स्थित शिव मंदिर में महाशिवरात्रि के अवसर पर शिव मूर्ति की विधिवत प्राण प्रतिष्ठा की गई। इस धार्मिक आयोजन के उपलक्ष्य में पहाड़ी चिकनी से गुरु कुण्ड, रामशहर, बढ़ू, बायला, साईं और भूबसानी होते हुए मंदिर परिसर तक भजन-कीर्तन के साथ भव्य शोभा यात्रा निकाली गई।






