/रिश्वत लेते फॉरेस्ट गार्ड गिरफ्तार, 5 हजार रुपए के साथ विजिलेंस ने दबोचा

रिश्वत लेते फॉरेस्ट गार्ड गिरफ्तार, 5 हजार रुपए के साथ विजिलेंस ने दबोचा

बीबीएन, 17 फरवरी,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा

पंजाब की सीमावर्ती क्षेत्र दभोटा में भ्रष्टाचार के खिलाफ विजिलेंस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए वन विभाग के एक फॉरेस्ट गार्ड को 5 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार करने का बावा किया है।

मिली जानकारी के मुताबिक कार्रवाई विजिलेंस थाना बद्दी की टीम ने डीएसपी विजिलेंस डॉ. प्रतिभा चौहान के नेतृत्व में की है।

जानकारी के अनुसार आरोपी नालागढ़ वन मंडल के अधीन माजरा (दभोटा) बीट में तैनात था। उस पर एक मामले को रफा-दफा करने के बदले शिकायतकर्ता से रिश्वत मांगने का आरोप था।

शिकायत मिलने के बाद विजिलेंस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया और शिकायतकर्ता को चिह्नित नोट देकर आरोपी के पास भेजा।
जैसे ही आरोपी ने 5 हजार रुपये की रकम ली, विजिलेंस टीम ने मौके पर दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया।

आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

विजिलेंस विभाग के अनुसार आरोपी को कल अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड की मांग की जाएगी, ताकि मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा सके।