चंबा, 20 फरवरी,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/वर्मा।
राष्ट्रीय जल विद्युत निगम (एनएचपीसी) की विद्युत परियोजना चमेरा चरण-3 और चंबा जिला प्रशासन के बीच आज जनहित से जुड़े दो महत्वपूर्ण कार्यों को लेकर समझौता ज्ञापन (एमओयू) हस्ताक्षरित किए गए।

जिला प्रशासन की ओर से उपायुक्त मुकेश रेपसवाल तथा एनएचपीसी की ओर से परियोजना प्रमुख टिकेश्वर प्रसाद ने एमओयू पर हस्ताक्षर किए। इस अवसर पर विधायक नीरज नैय्यर विशेष रूप से उपस्थित रहे।
सीएचसी चूड़ी में लगेगी अल्ट्रासाउंड मशीन
एमओयू के अनुसार, निगमित सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) योजना के अंतर्गत एनएचपीसी द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) चूड़ी में लगभग 32 लाख रुपये की लागत से अत्याधुनिक अल्ट्रासाउंड मशीन स्थापित की जाएगी।

इससे क्षेत्रवासियों को स्थानीय स्तर पर उन्नत स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी और गंभीर जांच के लिए बाहर जाने की आवश्यकता कम होगी।
दिव्यांगजनों के लिए स्पोर्ट्स व्हीलचेयर व स्कूटी
दूसरे समझौते के तहत लगभग 3 लाख रुपये की लागत से विशेष रूप से सक्षम व्यक्तियों (स्पेशली एबल्ड) के लिए स्पोर्ट्स व्हीलचेयर और स्कूटी उपलब्ध करवाई जाएंगी।

इससे दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण और उनकी गतिशीलता में सुधार होगा।
इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त अमित मैहरा, सहायक आयुक्त राहुल धीमान, जिला योजना अधिकारी जीवन कुमार, जिला कार्यक्रम अधिकारी (स्वास्थ्य) डॉ. हरित पूरी तथा एनएचपीसी के उप महाप्रबंधक प्रशांत त्रिवेदी भी उपस्थित रहे।










