/नालागढ़ के विधायक द्वारा“सरकार गाँव के द्वार” कार्यक्रम आयोजित।

नालागढ़ के विधायक द्वारा“सरकार गाँव के द्वार” कार्यक्रम आयोजित।

21 शिकायतों का समाधान और आपदा पीड़ितों को 7 लाख की राहत स्वीकृति।

नालागढ़ 24 फरवरी,
हिम नयन न्यूज़/ब्यूरो/ वर्मा

हिमाचल के नालागढ़ विधानसभा क्षेत्र के पंजेहरा स्थित उपतहसील ग्राउंड में आज “सरकार गाँव के द्वार” कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता हरदीप सिंह बावा ने की। इस अवसर पर क्षेत्र की आठ पंचायतों से आए लोगों ने अपनी समस्याएँ सीधे प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के समक्ष रखीं।

विधायक हरदीप सिंह बावा ने कहा कि प्रदेश सरकार प्रशासन को जनता के द्वार तक पहुँचाकर समस्याओं का त्वरित और प्रभावी समाधान सुनिश्चित कर रही है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि ग्रामीणों को अब अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।

कार्यक्रम के दौरान कुल 21 शिकायतें और 96 मांगपत्र प्राप्त हुए। विधायक ने कई मामलों का मौके पर ही निपटारा किया तथा शेष प्रकरणों को निर्धारित समय-सीमा में प्राथमिकता के आधार पर हल करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।

वर्ष 2025 की प्राकृतिक आपदा से पूर्णतः प्रभावित परिवारों को विशेष राहत स्वीकृति पत्र वितरित किए गए।

विधायक ने बताया कि हिमाचल प्रदेश सरकार ने पूर्णतः नष्ट मकानों के लिए सहायता राशि 1 लाख 30 हजार रुपये से बढ़ाकर 7 लाख रुपये कर दी है, जिससे प्रभावित परिवारों को पुनर्निर्माण में पर्याप्त सहयोग मिल सके।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा मौके पर ही 2 रजिस्ट्री, 2 हिमाचली प्रमाण पत्र, 1 अनुसूचित जाति प्रमाण पत्र, 1 आय प्रमाण पत्र, 5 कृषि प्रमाण पत्र, 2 लीगल हेयर प्रमाण पत्र, 5 अल्पसंख्यक प्रमाण पत्र, 2 अन्य पिछड़ा वर्ग प्रमाण पत्र, 1 डोगरा प्रमाण पत्र, 2 चरित्र प्रमाण पत्र तथा 1 आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग प्रमाण पत्र जारी किए गए। साथ ही 3 शपथ पत्र (एफिडेविट) भी तैयार किए गए।


विधायक ने कहा कि नालागढ़ क्षेत्र में सड़कों के सुदृढ़ीकरण, पेयजल योजनाओं के विस्तार, विद्युत आपूर्ति सुधार, शिक्षा एवं स्वास्थ्य सुविधाओं के उन्नयन तथा सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर सरकार विशेष ध्यान दे रही है।


कार्यक्रम से पूर्व सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में चल रहे एंटी-चिट्टा अभियान के तहत उपस्थित जनसमूह को नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई।

विधायक ने कहा कि हिमाचल को नशामुक्त बनाने के लिए प्रशासन और समाज को मिलकर सामूहिक प्रयास करने होंगे।

इसके अतिरिक्त वर्धमान टेक्सटाइल लिमिटेड द्वारा वर्ल्ड कैंसर केयर के सहयोग से निःशुल्क कैंसर जांच, परामर्श, नेत्र जांच और चश्मा वितरण शिविर भी आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में उपमंडलाधिकारी नालागढ़ नरेंद्र अहलूवालिया, डीएफओ विकल्प यादव, तहसीलदार हुस्न चंद, स्थानीय जनप्रतिनिधि, पंचायत प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।