नालागढ़ (बद्दी) 27 फरवरी,
हिम नयन न्यूज़/ब्यूरो/ वर्मा
यातायात नियमों की अवहेलना करने वालों के खिलाफ बद्दी पुलिस ने शुक्रवार को सख्त कार्रवाई की। आज उप पुलिस अधीक्षक (डीएसपी) बद्दी योग राज चंदेल की अगुवाई में दावत चौक, बद्दी में विशेष नाका लगाया गया।

डीएसपी स्वयं मौके पर मौजूद रहे और सघन चेकिंग अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान बिना नंबर प्लेट, छेड़छाड़/टेम्पर्ड नंबर प्लेट, मॉडिफाइड साइलेंसर, ट्रिपल राइडिंग, ब्लैक फिल्म (काले शीशे) और प्रेशर हॉर्न जैसे नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत कड़ी कार्रवाई की गई।
इस दौरान कुल 45 चालान किए गए।

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि इस प्रकार के उल्लंघन सड़क सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा पैदा करते हैं और दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ाते हैं।
बद्दी पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यातायात नियमों का पालन करें, वाहन के सभी वैध दस्तावेज साथ रखें और वाहन में किसी भी प्रकार का अवैध संशोधन न करें।

पुलिस ने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी ऐसे विशेष अभियान जारी रहेंगे और नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
बद्दी पुलिस क्षेत्र में सुरक्षित और सुचारू यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है।









