नालागढ़ 27 फरवरी,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/वर्मा
औद्योगिक नगरी बीबीएन के पुलिस थाना नालागढ़ में 17 फरवरी 2026 को दर्ज फायरिंग, जानलेवा हमला और लूट के मामले में पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है।
मामले में नामजद दूसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया गया है।

याद रहे कि यह मुकदमा शिकायतकर्ता बलविन्द्र सिंह उर्फ रिक्की, निवासी गांव प्लासड़ा, तहसील नालागढ़ के बयान पर दर्ज किया गया था,जिसके अनुसार 17 फरवरी को जेवीएम कंपनी नंगल के समीप कुछ व्यक्तियों ने उनका रास्ता रोककर फायरिंग की, तेजधार हथियारों से हमला किया और ₹25,000 की नकदी लूटकर मौके से फरार हो गए थे ।
हमले में शिकायतकर्ता और उसका एक साथी घायल हो गए थे, जिन्हें उपचार के लिए पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया था।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीन अलग-अलग विशेष टीमों का गठन किया था।

टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थीं।
कार्रवाई के तहत 22 फरवरी 2026 को पुलिस ने पहले आरोपी महिन्द्र सिंह उर्फ दारा, निवासी गांव गोपी धुंधली, को गिरफ्तार किया था।
अब इसी कड़ी में 27 फरवरी 2026 को पुलिस टीम ने दूसरे आरोपी शुभम पुत्र नरेन्द्र सिंह, निवासी गांव व डाकघर नंगल, को ढेरोवाल क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार मामले में अन्य संलिप्त आरोपियों की तलाश जारी है और आगे की जांच की जा रही है।









