सोलन, 27 फरवरी ,
हिम नयन न्यूज/ब्यूरो/वर्मा
पुलिस थाना सदर सोलन में दर्ज एफआईआर संख्या 57/2026 (धारा 303(2) भारतीय न्याय संहिता) के तहत 6 लोहे के चैनलों की चोरी के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को पिंजौर (हरियाणा) से गिरफ्तार कर लिया है। चोरी किया गया सामान तथा वारदात में प्रयुक्त वाहन भी बरामद कर जब्त कर लिया गया है।

शामती निवासी ठेकेदार नरेश कुमार ने 24 फरवरी 2026 को शिकायत दी थी कि 14 फरवरी को ओच्छघाट से लौटते समय मझगांव के पास वाहन खराब होने पर उन्होंने मिक्सर मशीन और 6 लोहे के चैनल सड़क किनारे उतार दिए थे। 14 व 16 फरवरी को सामान सुरक्षित मिला, लेकिन 17 फरवरी को निरीक्षण के दौरान चैनल गायब पाए गए।
चोरी की घटना 16/17 फरवरी की रात की बताई गई है। सामान की कीमत लगभग 60 हजार रुपये आंकी गई है।

सीसीटीवी फुटेज व तकनीकी साक्ष्यों के विश्लेषण के आधार पर पुलिस ने 26 फरवरी को अभिषेक (23) व अक्षय (24) को गिरफ्तार किया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी सोलन से लौटते समय सड़क किनारे रखे चैनल वाहन में लोड कर ले गए। आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच की जा रही है। उन्हें 27 फरवरी को न्यायालय में पेश किया जाएगा। जांच जारी है।










