/औद्योगिक नगरी में माल वाहनों से मजदूरों की ढुलाई, सुरक्षा पर उठे सवाल

औद्योगिक नगरी में माल वाहनों से मजदूरों की ढुलाई, सुरक्षा पर उठे सवाल

नालागढ़ (बद्दी) 28 फरवरी,
हिम नयन न्यूज़/ब्यूरो/ वर्मा

बद्दी–बरोटीवाला–नालागढ़ (BBN) औद्योगिक क्षेत्र में मजदूरों की आवाजाही को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

आरोप है कि माल ढोने के लिए पंजीकृत पिकअप और अन्य मालवाहक वाहनों में रोजाना बड़ी संख्या में मजदूरों को कंपनियों तक पहुंचाया जा रहा है, जो नियमों के विरुद्ध है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह आठ बजे से पहले ही मालवाहनों में भर-भरकर मजदूर विभिन्न औद्योगिक इकाइयों में पहुंचाए जा रहे हैं। इनमें महिला मजदूरों की भी बड़ी संख्या शामिल बताई जा रही है।

कई वाहनों को तरपाल से ढककर मजदूरों को अंदर बैठाया जाता है, जिससे न तो बाहर से स्पष्ट दृश्यता रहती है और न ही अंदर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था।

स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की ढुलाई से मजदूरों की सुरक्षा से खिलवाड़ हो रहा है।

मालवाहन यात्री परिवहन के लिए अधिकृत नहीं होते, ऐसे में दुर्घटना की स्थिति में गंभीर परिणाम सामने आ सकते हैं। सवाल उठ रहा है कि पुलिस और परिवहन विभाग की नजरों के सामने यह गतिविधि कैसे संचालित हो रही है।

विशेषज्ञों का मानना है कि मोटर वाहन अधिनियम के तहत मालवाहक वाहनों में यात्रियों को बैठाना नियमों का उल्लंघन है और इसके लिए कड़ी कार्रवाई का प्रावधान है। औद्योगिक क्षेत्र में कार्यरत कंपनियों और ठेकेदारों की भी जिम्मेदारी बनती है कि वे श्रमिकों के लिए सुरक्षित और वैध परिवहन की व्यवस्था सुनिश्चित करें।

स्थानीय संगठनों ने प्रशासन से इस मामले की जांच कर सख्त कार्रवाई करने और मजदूरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।