नालागढ़, 28 फरवरी ,
हिम नयन न्यूज़/ब्यूरो/ वर्मा
नालागढ़ की मलेहानी ग्राम पंचायत की चरान भूमि पर अवैध खनन के मामले में पुलिस थाना नालागढ़ में खनन अधिनियम के तहत अभियोग दर्ज किया गया है। शिकायत पूर्व प्रधान बग्गा राम ने दर्ज करवाई है।

शिकायत के अनुसार बसंतपुर स्थित पंचायत/चरान भूमि पर खनन लीज क्षेत्र से बाहर आकर अवैध खनन किया जा रहा है। राजस्व अधिकारियों द्वारा 10 फरवरी 2026 को की गई निशानदेही में उक्त भूमि को पंचायत/चरान भूमि बताया गया था, जहां ग्रामीण लंबे समय से पशु चराते रहे हैं। बताया गया है।
कि विधि चंद और मोहन सिंह की खनन लीज केवल कुंडलू खड्ड तक सीमित है, लेकिन इसके बावजूद वे लीज सीमा से बाहर आकर पंचायत भूमि पर लगातार खनन कर रहे हैं।
इस अवैध खनन से पर्यावरण को नुकसान, पशुओं व ग्रामीणों की सुरक्षा पर खतरा तथा सरकारी राजस्व की हानि होने का आरोप लगाया गया है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर मौके का निरीक्षण शुरू कर दिया है और अवैध खनन की मात्रा का आकलन किया जा रहा है।

उधर बद्दी पुलिस ने अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई जारी रखते हुए 27 फरवरी 2026 को जोघों और दभोटा क्षेत्र में 4 चालान किए। इनमें 2 ट्रैक्टर, 1 जेसीबी और 1 टिप्पर शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अवैध खनन के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।









