विधायक रामकुमार चौधरी ने खिलाड़ियों को किया सम्मानित।
नालागढ़ 1 मार्च,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा
हिमाचल के दून विधानसभा क्षेत्र के विधायक रामकुमार चौधरी ग्राम पंचायत सुनेड़ के गांव बेली बांगला में आयोजित तीन दिवसीय क्रिकेट टूर्नामेंट के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
इस अवसर पर उन्होंने विजेता व उपविजेता टीमों को सम्मानित किया और सभी खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की।

अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि खेल केवल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि अनुशासन, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता और आत्मविश्वास विकसित करने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के युवाओं में अपार प्रतिभा है, जिसे सही दिशा और अवसर मिलने पर वे राज्य व राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना सकते हैं।
उन्होंने सभी टीमों की खेल भावना, समर्पण और अनुशासन की प्रशंसा करते हुए कहा कि जीत-हार खेल का हिस्सा है, लेकिन असली जीत प्रयास और सकारात्मक सोच की होती है।

विधायक ने युवाओं से नशे जैसे मादक पदार्थों से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का ‘चिट्टा मुक्त हिमाचल अभियान’ युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से बचाने की महत्वपूर्ण पहल है और हिमाचल को पूर्णतः चिट्टा मुक्त बनाने के लिए जनसहभागिता आवश्यक है।
उन्होंने घोषणा की कि दून विधानसभा क्षेत्र की प्रत्येक पंचायत में खेल मैदान विकसित किए जाएंगे। साथ ही बद्दी में शीघ्र ही राज्य स्तरीय खेल स्टेडियम का निर्माण किया जाएगा। भूमि स्थानांतरण की प्रक्रिया पूर्ण होते ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
समापन पर उन्होंने आयोजक समिति को बधाई देते हुए अपनी ऐच्छिक निधि से 10 हजार रुपये देने की घोषणा की और भविष्य में भी ऐसे आयोजनों के निरंतर आयोजन की उम्मीद जताई।





