/एसएसपी गौरव सिंह ने शिमला जिले में दिखाई कर्तव्यनिष्ठा।

एसएसपी गौरव सिंह ने शिमला जिले में दिखाई कर्तव्यनिष्ठा।

शिमला पुलिस में सख्त अनुशासन की शुरुआत

शिमला 2 मार्च,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा

शिमला जिले में एसएसपी गौरव सिंह ने अपनी कर्तव्यनिष्ठा और सख्त कार्यशैली के साथ पुलिस महकमे में अनुशासन को सर्वोपरि रखते हुए कड़े कदम उठाने शुरू कर दिए हैं।

हाल ही में पुलिस चौकी टिक्कर के प्रभारी को ड्यूटी में लापरवाही पाए जाने पर तत्काल प्रभाव से निलंबित कर स्पष्ट संदेश दिया गया कि विभाग में किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

मिली जानकारी के मुताबिक औचक निरीक्षण के दौरान कार्यप्रणाली, रिकॉर्ड संधारण और रात्रि गश्त में कमियां पाए जाने के बाद संबंधित अधिकारी को पुलिस लाइन कैथू में हाजिर होने के आदेश दिए गए।

एसएसपी ने सभी थाना व चौकी प्रभारियों को अपनी इकाइयों में जवाबदेही और सतर्कता सुनिश्चित करने के निर्देश भी जारी किए हैं।

एसएसपी गौरव सिंह ने दो टूक कहा है कि पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी कानून व्यवस्था बनाए रखना और जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। ड्यूटी में लापरवाही किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं की जाएगी।

गौरतलब है कि इससे पूर्व सोलन जिले में तैनाती के दौरान भी एसएसपी गौरव सिंह ने कई पुलिस जवानों व अधिकारियों के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की थी। उनकी सख्त और निष्पक्ष कार्यशैली के चलते विभाग में जवाबदेही की संस्कृति मजबूत हुई थी।

अब शिमला जिले में भी उनकी सक्रियता से पुलिस महकमे में अनुशासन और पारदर्शिता को नई मजबूती मिल रही है, जिसे जनता के बीच सकारात्मक संदेश के रूप में देखा जा रहा है।