उत्तर प्रदेश के दो आरोपी गिरफ्तार, तीसरे की तलाश जारी।
बद्दी 2 मार्च,
हिम नयन न्यूज़/ब्यूरो/ वर्मा
औद्योगिक नगरी बीबीएन के पुलिस थाना बद्दी में दर्ज लूट के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि तीसरे आरोपी की तलाश जारी है।
इस बात की पुष्टि करते हुए पुलिस अधीक्षक विनोद धीमान ने बताया कि 26 फरवरी 2026 को चन्दन कुमार पुत्र श्री सुदर्शन ठाकुर निवासी गांव व डाकघर दौरमा, तहसील आती, जिला गया (बिहार) ने शिकायत दर्ज करवाई थी कि काठा क्षेत्र में स्थित उसकी मोबाइल रिपेयर व मनी ट्रांसफर की दुकान में लूट की घटना हुई है।
शिकायतकर्ता के मुताबिक दोपहर के समय तीन नकाबपोश युवक बिना नंबर मोटरसाइकिल पर सवार होकर दुकान पर पहुंचे। एक आरोपी ने दुकान में घुसकर चाकू दिखाते हुए गल्ले से करीब 30 हजार रुपये नकद और रिपेयर के लिए रखे तीन मोबाइल फोन लूट लिए और साथियों सहित फरार हो गया।

पुलिस की तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय सूचना के आधार पर गठित विशेष टीम ने विभिन्न स्थानों पर दबिश के दौरान पुलिस ने अर्जुन कुमार पुत्र राज कुमार निवासी गांव दवतोरी, डाकघर विसौली, तहसील विसौली, जिला बदायूं (उत्तर प्रदेश) तथा तोसिफ पुत्र फकर दीन निवासी गांव नुपुरा, डाकघर रसोरा, तहसील विसौली, जिला बदायूं (उत्तर प्रदेश), हाल निवासी चका रोड बद्दी को गिरफ्तार कर लिया।

दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है। घटना में शामिल तीसरे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है और उसे भी शीघ्र गिरफ्तार करने का दावा किया गया है।
पुलिस अधीक्षक विनोद धीमान ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।








