सोलन 4 मार्च,
हिम नयन न्यूज़/ब्यूरो/ वर्मा
हिमाचल के पुलिस थाना सदर सोलन में चोरी के एक मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
मिली जानकारी के मुताबिक एफआईआर नंबर 65/2026, दिनांक 04 मार्च 2026, धारा 303(2), 3(5) बीएनएस के तहत पुलिस थाना सदर सोलन में मामला दर्ज किया गया।

शिकायतकर्ता विजेन्द्र सिंह निवासी शामती ने पुलिस को बताया कि उन्होंने जटोली कोठों रोड के सामने प्लॉट कटिंग का कार्य लगाया हुआ था, जहां कटिंग के लिए मशीन स्थापित की गई थी।

उन्होंने बताया कि गत शाम जब वह कार्य स्थल पर पहुंचे तो पाया कि कटिंग मशीन का ब्रेकर (सील सहित), जिसे मशीन से निकालकर नीचे रखा गया था, चोरी हो चुका था। इसके अलावा मौके पर रखे लोहे के पानी के लगभग सात पाइपों के टुकड़े भी गायब थे।
घटनास्थल के पास रहने वाली एक महिला ने भी बताया कि उसके घर से सरियों के दो बंडल चोरी हो गए हैं। इसके बाद शिकायतकर्ता और उनके साथियों ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी, जिसमें तीन व्यक्ति सरिया ले जाते हुए दिखाई दिए।
मामले की सूचना मिलने पर पुलिस थाना सदर सोलन में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस टीम ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों का गहन विश्लेषण किया।
तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई। इसके बाद पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में संलिप्त मुश्ताक मुहम्मद उर्फ सोनू खान (40 वर्ष) पुत्र रशीद मोहम्मद, निवासी गांव चमरोग, डाकघर ओच्छघाट, तहसील व जिला सोलन, को तड़के सुबह गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी से पुलिस द्वारा गहन पूछताछ की जा रही है और उसे आज 04 मार्च 2026 को माननीय न्यायालय में पेश किया जा रहा है। साथ ही आरोपी के पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है।
पुलिस के अनुसार मामले की आगे की जांच जारी है।









