/मौसम का मिजाज बदलते ही लौट चले गडरिए ।

मौसम का मिजाज बदलते ही लौट चले गडरिए ।

सरकार और और उनके विधायक नहीं दे रहे उनकी समस्याओं की ओर ध्यान ।

नालागढ़ ( रामशहर) 4 मार्च,
हिम नयन न्यूज/ब्यूरो/ वर्मा

मौसम का मिजाज बदलते ही गद्दी समुदाय के गडरियों ने अपनी भेड़-बकरियों के साथ मैदानी क्षेत्र से पहाड़ी इलाकों की ओर वापसी शुरू कर दी है।

आज यहां विधानसभा क्षेत्र बैजनाथ से ताल्लुक रखने वाले गद्दी समुदाय के बुजुर्ग निक्कू राम (78 वर्ष), कटोरी देवी (76 वर्ष), देशराज (58 वर्ष), प्रताप चंद्र (66 वर्ष), संत राम (63 वर्ष) और करतार चंद्र (42 वर्ष) ने मीडिया से बातचीत करते हुए बताया कि उनके पास लगभग 350 भेड़ें, 200 बकरियां, 7 घोड़े और 3 कुत्ते हैं।

उन्होंने बताया कि इस बार वे बद्दू जंगल में करीब 25 दिन ही रुके, लेकिन क्षेत्र में गर्मी का मौसम बदलते ही अब वे अपने पहाड़ी क्षेत्रों की ओर वापस लौट रहे हैं। आज वे बरोग जंगल गांव में रुकेंगे।

गद्दी समुदाय के इन पशुपालकों ने बताया कि इस दौरान उन्हें नुकसान भी उठाना पड़ा। बाघ द्वारा 7 भेड़-बकरियों को मार दिया गया, लेकिन अभी तक उन्हें सरकार या वन विभाग की ओर से किसी भी प्रकार का मुआवजा नहीं मिला है।

उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार और उनके विधायक उनकी समस्याओं की ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं। ऊन का दाम भी बहुत कम मिल रहा है, जिससे जीवन यापन करना मुश्किल होता जा रहा है।

गद्दी समुदाय के लोगों का कहना है कि उनका अधिकतर जीवन साल के 12 महीने जंगलों में ही गुजरता है, फिर भी उनकी समस्याओं के समाधान के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे।