शिमला, 4 मार्च,
हिम नयन न्यूज़/ब्यूरो/ वर्मा
हिमाचल के जिला शिमला के विभिन्न थाना क्षेत्रों में धोखाधड़ी, चोरी, सड़क दुर्घटना और मारपीट के कई मामले सामने आए हैं। पुलिस ने अलग-अलग मामलों में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रोहड़ू थाना क्षेत्र में फिजियोथेरेपी उपकरण के नाम पर धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। बहादुर सिंह नेगी और सात अन्य लोगों की शिकायत पर पुलिस ने सतविंदर सती के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
आरोप है कि आरोपी ने राणा निवास में “सहगल हेल्थ केयर” के नाम से सेरेजेम ब्रांड के फिजियोथेरेपी उपकरण और थर्मल मैट बुक कराने के लिए लोगों से कई लाख रुपये लिए, लेकिन सामान की डिलीवरी नहीं की।

इसी थाना क्षेत्र में एक सड़क दुर्घटना का मामला भी दर्ज किया गया है। चिड़गांव रोड पर टाटा योद्धा (HP10B-8682) वाहन, जिसे पंकज नेगी चला रहा था, ने पैदल जा रही महिला मोहन देवी को टक्कर मार दी। हादसे में महिला को गंभीर चोटें आई हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
उधर, शिमला के थाना ईस्ट क्षेत्र में पंप हाउस में चोरी का मामला सामने आया है। पंप ऑपरेटर मदन लाल ने शिकायत दी कि कावरा कनौरा स्थित पंप हाउस में अज्ञात लोगों ने रात के समय घुसकर कॉपर केबल, पैनल बोर्ड की अर्थिंग वायर और टूल किट चोरी कर लिए। घटना का पता सुबह ड्यूटी पर पहुंचने पर चला।
थाना वेस्ट क्षेत्र के समरहिल स्थित मोमो चौक के पास मारपीट की घटना भी सामने आई है। मुकेश कुमार ने शिकायत में बताया कि जब वह अपने दोस्तों के साथ हॉस्टल की ओर जा रहे थे, तभी कुछ लोगों ने उन्हें रोककर हमला कर दिया।

वहीं, सुन्नी थाना क्षेत्र में अंकुश कुमार की शिकायत पर कुछ लोगों के खिलाफ मारपीट और धमकी देने का मामला दर्ज किया गया है। शिकायत के अनुसार आरोपियों ने अंकुश कुमार और उनकी माता को धमकाया और उनके साथ मारपीट की।
जिला पुलिस शिमला के अनुसार सभी मामलों में जांच जारी है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।









