नालागढ़ (बद्दी) 5 मार्च,
हिम नयन न्यूज़/ब्यूरो/वर्मा
हिमाचल की फाइनेंशियल राजधानी माने जाने वाली औद्योगिक नगरी बद्दी ( दून विधानसभा) क्षेत्र की ग्राम पंचायत किशनपुरा में कांग्रेस को गत दिवस उस समय बड़ा झटका लगा जब दर्जनों कार्यकर्ताओं ने पूर्व प्रधान करनैल सैनी की अगुवाई में भाजपा का दामन थाम लिया।

भाजपा में शामिल हुए सभी कार्यकर्ताओं का स्वागत पूर्व विधायक परमजीत सिंह पम्मी ने किया।

मिली जानकारी के मुताबिक इस मौके पर परमजीत पम्मी ने कहा कि कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए सभी कार्यकर्ताओं को पार्टी में पूरा सम्मान दिया जाएगा।
उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने पर कार्यकर्ताओं और क्षेत्र की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा।

उन्होंने दून क्षेत्र में सड़कों की खराब हालत, जाम की समस्या और ठप पड़े विकास कार्यों को लेकर कांग्रेस सरकार और स्थानीय विधायक पर निशाना साधा। पम्मी ने कहा कि क्षेत्र की कई आंतरिक सड़कों की स्थिति बेहद खराब है, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा विधायक पिछली भाजपा सरकार में स्वीकृत विकास कार्यों के फीते काटकर जनता को गुमराह कर रहे हैं।

पूर्व प्रधान करनैल सैनी ने कहा कि प्रदेश सरकार और दून के विधायक से लोगों का भरोसा उठ चुका है, जिसके कारण अब लोग कांग्रेस छोड़कर भाजपा की ओर रुख कर रहे हैं।

इस अवसर पर दून भाजपा मंडल अध्यक्ष मान सिंह मेहता, जिला परिषद सदस्य अमर संधू, अनुसूचित जाति मोर्चा दून के अध्यक्ष राज संधू, पूर्व प्रधान करनैल सैनी, प्रधान सुरजन सैनी, सुरेश चौधरी, कृष्ण कौशल, जसवंत तथा गौवंश प्रकोष्ठ के अशोक शर्मा सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।







