/शिमला जिला में मारपीट व सड़क हादसों के कई मामले दर्ज, पुलिस जांच जारी।

शिमला जिला में मारपीट व सड़क हादसों के कई मामले दर्ज, पुलिस जांच जारी।

शिमला, 5 मार्च,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/वर्मा

जिला शिमला के विभिन्न पुलिस थानों में मारपीट, रास्ता रोकने और सड़क हादसों से जुड़े कई मामले दर्ज किए गए हैं। पुलिस ने अलग-अलग घटनाओं में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस थाना नेरवा में मनोज कुमार निवासी खराचली की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया है। शिकायत के अनुसार 4 मार्च को नेरवा बाजार में जंदर और राका शर्मा ने उसका वाहन रोककर उससे मारपीट की और वाहन को नुकसान पहुंचाया।

पुलिस थाना रोहड़ू में पूजा जमकेट की शिकायत पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

शिकायत के मुताबिक होली खेलने के बाद रामलीला ग्राउंड से लौटते समय समाला पेट्रोल पंप के पास एक नीले रंग के वाहन ने पीछे से टक्कर मार दी और चालक मौके से फरार हो गया।

हादसे में पूजा के दाहिने हाथ में चोटें आई हैं।

पुलिस थाना कोटखाई में धर्म चंद निवासी राजहाना की शिकायत पर विनोद कुमार और सतीश के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

आरोप है कि आरोपियों ने रास्ता रोककर उन्हें कार में बैठाया और मारपीट की तथा जान से मारने की धमकी दी।

इसी थाना क्षेत्र में प्रगतिनगर गुम्मा में विजय कुमार की शिकायत पर भी मामला दर्ज किया गया है। शिकायत के अनुसार एक सफेद मारुति कार में आए 4-5 लोगों ने रास्ता रोककर गाली-गलौज की और मारपीट की।

पुलिस थाना रामपुर के अंतर्गत देव कुमार निवासी सेरी-मजली (तकलेच) की शिकायत पर चंद्र प्रकाश के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

आरोप है कि दुकान के बाहर लोहे की रॉड से हमला कर उन्हें घायल किया गया और जान से मारने की धमकी दी गई।

वहीं पुलिस थाना ढली में सड़क दुर्घटना के बाद दोनों पक्षों की शिकायत पर अलग-अलग मामले दर्ज किए गए हैं। एक मामले में राजिंदर वर्मा ने आरोप लगाया कि वाहन संख्या HP07D1256 के चालक जगत पाल ने उनकी गाड़ी को टक्कर मारी और बाद में झगड़ा किया।

वहीं जगत पाल ने भी आरोप लगाया कि राजिंदर वर्मा ने उनकी गाड़ी का रास्ता रोका और परिवार के साथ दुर्व्यवहार किया।

इसके अलावा पुलिस थाना सदर शिमला में एक तेज रफ्तार कार द्वारा पैदल व्यक्ति को टक्कर मारने का मामला दर्ज किया गया है।

शिकायत के अनुसार कार्ट रोड पर पंचायती भवन के पास एक कार ने राजेश नामक व्यक्ति के पैर को कुचल दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस ने सभी मामलों में संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।