/बजरोल में पेड़ से लटका मिला दुकानदार का शव, पुलिस जांच जारी।

बजरोल में पेड़ से लटका मिला दुकानदार का शव, पुलिस जांच जारी।

सोलन 6 मार्च,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/कमल चौहान

हिमाचल के सोलन / बजरोल क्षेत्र में एक व्यक्ति का शव पेड़ से फंदे पर लटका हुआ मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई।

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक गत 5 मार्च 2026 को सूचना मिली कि बजरोल के पास सड़क से नीचे एक पेड़ पर एक व्यक्ति फंदा लगाकर लटका हुआ है। पुलिस के पहुंचने पर एक व्यक्ति पेड़ से रस्सी के सहारे लटका हुआ पाया गया। जिसकी पहचान अमरजीत सिंह (56) पुत्र स्व. इंदर सिंह, निवासी खालसा कॉम्प्लेक्स, गंज बाजार सोलन के रूप में हुई।

पुलिस ने मौके पर मौजूद परिजनों और अन्य लोगों की मौजूदगी में शव को पेड़ से नीचे उतारा। निरीक्षण के दौरान मृतक के शरीर पर किसी प्रकार के चोट या खरोंच के निशान नहीं मिले, केवल गले पर रस्सी के फंदे का निशान पाया गया।

मौके से मृतक का मोबाइल फोन और फंदे में इस्तेमाल की गई रस्सी पुलिस ने कब्जे में ले ली है।

वहीं घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट या अन्य संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई।

पुलिस ने बताया कि मृतक पेशे से दुकानदार था और सुबह घर से अपनी दुकान खोलने के लिए निकला था। बाद में उसका शव बजरोल में पेड़ से लटका हुआ मिला।

मृतक के शव को पोस्टमॉर्टेम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल सोलन भेजा गया, जहां पोस्टमॉर्टेम के बाद विसरा सुरक्षित रखकर रासायनिक जांच के लिए एसएफएसएल जुन्गा भेजा जा रहा है।

अब तक की जांच में मृतक के परिजनों या स्थानीय लोगों ने किसी प्रकार का संदेह व्यक्त नहीं किया है। इसके बावजूद पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। पोस्टमॉर्टेम के बाद शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया है।

मामले में धारा 194 भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS), 2023 के तहत कार्रवाई की जा रही है।