शिमला, 7 मार्च,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा
हिमाचल की जिला पुलिस शिमला ने सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए एक युवक के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
वीडियो में एक व्यक्ति पिस्टल जैसी दिखने वाली वस्तु लहराते हुए दूसरे व्यक्ति को जान से मारने की धमकी देता हुआ दिखाई दे रहा था, जिससे क्षेत्र में भय और दहशत का माहौल बनने की आशंका जताई जा रही थी।

पुलिस के अनुसार 5 मार्च 2026 को थाना जुब्बल में फेसबुक पर वायरल इस वीडियो के संबंध में अभियोग संख्या 13/2026 दर्ज किया गया।
प्रारंभिक जांच के आधार पर आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 351 और 352 तथा शस्त्र अधिनियम की धारा 25 और 30 के तहत मामला दर्ज किया गया।
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी विजय कुमार उर्फ सैम, पुत्र गोवर्धन दास, निवासी गांव पत्थर नाला (झालड़ी), डाकघर डीम, तहसील जुब्बल, जिला शिमला को जांच में शामिल किया। पुलिस टीम ने उसके घर की विधिवत तलाशी ली, जिसमें एक पिस्टल जैसा दिखने वाला लाइटर और एक मोबाइल फोन सिम कार्ड सहित बरामद किया गया। दोनों वस्तुओं को पुलिस ने जांच के लिए अपने कब्जे में ले लिया है।
पुलिस जांच में यह सामने आया कि वीडियो में दिखाई गई पिस्टल असली हथियार नहीं थी, बल्कि एक लाइटर था जिसे हथियार की तरह दिखाकर वीडियो बनाया गया था।
फिलहाल मामले की आगे की जांच जारी है और आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
जिला पुलिस शिमला ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर डर या दहशत फैलाने वाले किसी भी प्रकार के कृत्य से बचें। ऐसे मामलों में सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।










