शिमला पुलिस की नशा तस्करों पर बड़ी कार्रवाई।
शिमला, 8 मार्च,
हिम नयन न्यूज़ /ब्यूरो/ वर्मा।
हिमाचल के जिला पुलिस शिमला द्वारा नशा तस्करों के खिलाफ चलाया जा रहा अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में पुलिस ने मादक पदार्थों के नेटवर्क को ध्वस्त करने के उद्देश्य से एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को चंडीगढ़ से गिरफ्तार किया है।
मिली जानकारी के मुताबिक अभियोग संख्या 15/2026 दिनांक 05 मार्च 2026, धारा 21 एनडीपीएस एक्ट के तहत थाना सदर शिमला में दर्ज मामले में पहले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था।

पुलिस टीम ने 05 मार्च को कार्रवाई करते हुए बलजिंदर सिंह (28) पुत्र गुरचरण सिंह तथा लवप्रीत सिंह (23) पुत्र सरदार वीरेंद्र सिंह, निवासी वीपीओ अमरकोट, तहसील पट्टी, जिला तरनतारन (पंजाब) के कब्जे से 5.990 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया था।
दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनका पुलिस रिमांड लिया गया और उनसे गहन पूछताछ की गई। पुलिस ने मामले में बैकवर्ड लिंक और सप्लाई चेन का पता लगाने के लिए डिजिटल साक्ष्यों का भी विश्लेषण किया।
जांच के दौरान प्राप्त जानकारी के आधार पर पुलिस ने 08 मार्च 2026 को कार्रवाई करते हुए चरणजीत सिंह उर्फ विक्की (38) पुत्र स्वर्ण सिंह, निवासी गांव व डाकघर अमरकोट, तहसील पट्टी, जिला तरनतारन (पंजाब) को सेक्टर-28C, चंडीगढ़ से गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार आरोपी चरणजीत सिंह पहले भी नशा तस्करी के मामलों में संलिप्त पाया गया है। उसके खिलाफ एफआईआर नंबर 322/2023, धारा 21 व 29 एनडीपीएस एक्ट, थाना सेक्टर-36 चंडीगढ़ में मामला दर्ज है।
पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है और मादक पदार्थों के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।
जिला शिमला पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के खिलाफ अभियान आगे भी सख्ती से जारी रहेगा। पुलिस के अनुसार इस वर्ष अब तक एनडीपीएस एक्ट के तहत 68 मामले दर्ज कर 128 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।









