रात भर चली सघन नाकाबंदी।
बद्दी, 8 मार्च,
हिम नयन न्यूज़/ब्यूरो/ वर्मा
औद्योगिक नगरी बीबीएन क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने तथा आपराधिक गतिवि धियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से बद्दी पुलिस द्वारा बीती रात पूरे क्षेत्र में विशेष ‘नाइट डोमिनेंस’ नाकाबंदी अभियान चलाया गया।

इस अभियान के तहत बद्दी, बरोटीवाला, नालागढ़ और रामशहर के प्रमुख चौराहों, संवेदनशील स्थानों और पंजाब व हरियाणा की सीमाओं से लगते प्रवेश द्वारों पर पुलिस द्वारा सघन नाकाबंदी की गई।

रात भर चले इस अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान करने, संदिग्ध वाहनों की गहन जांच करने तथा नशा तस्करी सहित अन्य अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए व्यापक स्तर पर चेकिंग अभियान चलाया।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार इस सघन नाकाबंदी का मुख्य उद्देश्य सीमावर्ती क्षेत्रों सहित पूरे औद्योगिक क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को बनाए रखना, रात के समय आवाजाही करने वाले लोगों में सुरक्षा की भावना उत्पन्न करना तथा सार्वजनिक शांति सुनिश्चित करना है।

जिला पुलिस अधीक्षक बद्दी विनोद कुमार धीमान ने बताया कि ‘नाइट डोमिनेंस’ अभियान का उद्देश्य अपराधों की रोकथाम और आम जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।

उन्होंने कहा कि क्षेत्र की शांति और सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि भविष्य में भी इसी प्रकार के औचक नाकाबंदी और सघन चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेंगे, ताकि अपराध पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था मजबूत बनी रहे।









