श्रीकृष्ण जन्मोत्सव प्रसंग से श्रद्धालु भाव-विभोर।
रामशहर 8 मार्च,
हिम नयन न्यूज़ /ब्यूरो/ वर्मा।
तहसील रामशहर के निकटवर्ती गांव सलगुआ बहरोटा स्थित प्राचीन शिव मंदिर में चल रहे श्रीमद् भागवत सप्ताह ज्ञान यज्ञ के चौथे दिन श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी।

कथा के प्रखर वक्ता विक्रांत शर्मा (कसौली, कोट बेजा) ने अपने मुखारविंद से भगवान श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के प्रसंग का विस्तृत वर्णन किया और भजन-संकीर्तन के माध्यम से उपस्थित सैकड़ों श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया।

कथा के दौरान विक्रांत शर्मा ने भगवान श्रीकृष्ण के जन्म और उनके जीवन से जुड़े प्रसंगों का सुंदर व्याख्यान करते हुए श्रद्धालुओं को धर्म, भक्ति और सदाचार का संदेश दिया। उनकी मधुर वाणी और भजनों ने पूरे पंडाल का माहौल भक्तिमय बना दिया।

व्यास पीठ से विक्रांत शर्मा ने मां के सुंदर भजनों और संकीर्तन से पंडाल में मौजूद सैकड़ों श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर कर दिया। श्रद्धालु भजन-संकीर्तन का आनंद लेते हुए झूमते नजर आए।
आयोजकों के अनुसार इस भागवत कथा का आयोजन जगदीश चंद्र शर्मा के परिवार तथा समस्त ग्रामवासियों के सहयोग से किया जा रहा है।

कथा का मुख्य उद्देश्य गांव में सुख-समृद्धि, अमन-चैन और खुशहाली की कामना करना है। साथ ही कथा के माध्यम से विशेष रूप से युवाओं को समाज में फैली कुरीतियों, दहेज प्रथा, भ्रूण हत्या, नशा, पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने का संदेश भी दिया जा रहा है।

बताया गया कि शर्मा परिवार द्वारा यह पांचवीं बार भागवत कथा का आयोजन किया जा रहा है।
आज की कथा में विशेष रूप से पूर्व प्रधान हेमराज शर्मा, पूर्व बीडीसी हेम शंकर शर्मा, सेवानिवृत्त थाना प्रभारी राजेंद्र कुमार शर्मा, पूर्व प्रधान बेहड़ी राम सरण, सेवानिवृत्त सैनिक सूबेदार जगत राम, नंदलाल शर्मा, राजेंद्र कुमार शर्मा, प्रेमलाल ठाकुर, प्रेम शर्मा, सुनील शर्मा, नंदलाल, निका राम, पुष्पा शर्मा और लज्जा देवी सहित सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित रहे।

आयोजकों ने बताया कि 11 मार्च को दोपहर 12 बजे पूर्णाहुति और अटूट भंडारे के साथ कथा का समापन किया जाएगा। वहीं प्रतिदिन सायंकाल 7 बजे से 10 बजे तक स्थानीय कीर्तन मंडलियों द्वारा भगवान भोले शंकर, मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम, बांके बिहारी और मां माई के भजन-कीर्तन प्रस्तुत किए जा रहे हैं, जिनका आनंद प्रतिदिन सैकड़ों श्रद्धालु उठा रहे हैं।









