सोलन 8 मार्च,
हिम नयन न्यूज़ /ब्यूरो /कमल चौहान।

वार्ड नंबर-13 सेर कॉलोनी सुधार सभा की ओर से सोलन में ‘चित्टा मुक्त हिमाचल – जन जागरूकता दौड़’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं और आम जनता को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना और समाज को नशा मुक्त बनाने के लिए प्रेरित करना रहा।

इस जन-जागरूकता दौड़ में अंतरराष्ट्रीय पैरा धावक वीरेंद्र सिंह विशेष रूप से शामिल हुए, जिनका वार्ड-13 के लोगों द्वारा गर्मजोशी से स्वागत किया गया। कार्यक्रम का आयोजन प्रातः 8 बजे अखाड़ा परिषद, सन्नी साइड सेर कॉलोनी में किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों और युवाओं ने भाग लिया।

आयोजकों ने बताया कि प्रदेश में बढ़ते नशे के प्रकोप को रोकने के लिए समाज के हर वर्ग की भागीदारी जरूरी है। युवाओं को नशे से दूर रखने और उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से इस जागरूकता दौड़ का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को यह संदेश दिया गया कि “नशा त्यागें – जीवन नहीं।”

आयोजन समिति ने इस अभियान में सहयोग और भागीदारी के लिए क्षेत्र के लोगों, युवाओं और सामाजिक संगठनों का आभार व्यक्त किया। उनका कहना है कि इस तरह के प्रयास समाज को नशा मुक्त बनाने की दिशा में एक मजबूत और सकारात्मक कदम साबित होंगे।









