आरोपी EMT कर्मचारी शिमला से हिरासत में।
सोलन, 8 मार्च,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा
महिला थाना सोलन में 108 एम्बुलेंस सेवा से जुड़े एक कर्मचारी पर महिला के साथ छेड़छाड़ और बदतमीज़ी करने का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को शिमला से हिरासत में ले लिया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 08 मार्च 2026 को महिला थाना सोलन में 30 वर्षीय महिला (ABC) ने शिकायत दर्ज करवाई कि उसने 108 सेवा के माध्यम से एम्बुलेंस बुक करवाई थी।
एम्बुलेंस के पहुंचने पर चालक ने फोन कर पूछा कि क्या वह अकेली जा रही है। इस पर महिला ने बताया कि उसकी जेठानी भी उसके साथ जाएगी।
इसके बाद वह अपने बेटे और जेठानी के साथ एम्बुलेंस में बैठकर अस्पताल के लिए रवाना हुई। शिकायत के अनुसार रास्ते में एम्बुलेंस में तैनात कर्मचारी दिव्यांश ने उसकी जेठानी के साथ छेड़छाड़ की। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो आरोपी ने शिकायतकर्ता महिला के साथ भी बदतमीज़ी की।
महिला ने जब इस घटना की जानकारी अपने पति को दी और अस्पताल पहुंचने पर उन्होंने आरोपी से बात करने की कोशिश की तो आरोपी ने उसके पति के साथ भी अभद्र व्यवहार किया और मौके से फरार हो गया।
उक्त शिकायत के आधार पर महिला थाना सोलन में एफआईआर दर्ज कर मामला पंजीकृत किया गया है। मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 74 व 75 के तहत कार्रवाई की जा रही है।
मामले के अन्वेषण के दौरान महिला थाना सोलन की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी दिव्यांश (27 वर्ष) पुत्र राजेंद्र शर्मा, निवासी गांव बटेहरडा, तहसील बल्ह, जिला मंडी (हिमाचल प्रदेश) को शिमला से हिरासत में ले लिया है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी पिछले करीब छह महीनों से 108 एम्बुलेंस सेवा में EMT फार्मासिस्ट के रूप में कार्यरत है। उसकी ड्यूटी 07 मार्च 2026 को रात 8 बजे से 08 मार्च 2026 को सुबह 8 बजे तक 108 एम्बुलेंस में थी।
पुलिस आरोपी के पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।









