उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस कर्मियों को ‘सीसी-3 प्रमाण पत्र’ से सम्मानित।
बद्दी, 9 मार्च
हिम नयन न्यूज़/ब्यूरो
पुलिस अधीक्षक कार्यालय बद्दी के कॉन्फ्रेंस हॉल में सोमवार को मासिक जिला स्तरीय क्राइम मीटिंग का आयोजन किया गया।
बैठक की अध्यक्षता पुलिस अधीक्षक बद्दी विनोद धीमान ने की, जिसमें उप-मण्डलीय पुलिस अधिकारी नालागढ़, पुलिस उपअधीक्षक बद्दी, सभी थाना प्रभारी, चौकी प्रभारी, ट्रैफिक प्रभारी तथा अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान अधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों से जुड़े महत्वपूर्ण सुझाव, समस्याएं और सुरक्षा संबंधी मुद्दे प्रस्तुत किए। इस पर पुलिस अधीक्षक बद्दी ने विस्तार से चर्चा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। साथ ही जिले में लंबित व पेंडिंग मामलों की समीक्षा की गई और संबंधित अधिकारियों को मामलों का शीघ्र, निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण निपटारा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

एसपी बद्दी ने एनडीपीएस अधिनियम के तहत दर्ज मामलों पर कड़ी निगरानी रखने, नशा तस्करी में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने तथा खुफिया सूचना तंत्र को और मजबूत बनाने के निर्देश दिए। साथ ही युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए जागरूकता अभियान लगातार चलाने पर भी जोर दिया गया।

बैठक में यातायात प्रबंधन और सड़क सुरक्षा को लेकर भी चर्चा की गई। पुलिस अधीक्षक ने ओवरस्पीडिंग, ओवरलोडिंग, नशे में वाहन चलाने, बिना हेलमेट व बिना सीट बेल्ट वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसके अलावा रात्रि गश्त को और अधिक प्रभावी बनाने, महिला सुरक्षा उपायों को सुदृढ़ करने तथा साइबर अपराधों पर नियंत्रण रखने के लिए भी आवश्यक कार्ययोजना साझा की गई।

बैठक के अंत में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस कर्मचारियों को “सीसी-3 प्रमाण पत्र” प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर एसपी बद्दी ने कहा कि इस प्रकार का सम्मान पुलिस कर्मियों का मनोबल बढ़ाने के साथ-साथ अन्य कर्मचारियों को भी बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित करता है।
उन्होंने कहा कि पुलिस जिला बद्दी भविष्य में भी कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने, अपराध नियंत्रण और जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देता रहेगा।







