शिमला, 9 मार्च,
हिम नयन न्यूज़/ब्यूरो/वर्मा
राजधानी शिमला में बिजली विभाग के पावर स्टेशन से तांबे की तारें चोरी करने के मामले में जिला पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 01 मार्च 2026 को थाना छोटा शिमला में बिजली विभाग की ओर से एक शिकायत पत्र प्राप्त हुआ, जिसमें लोक भवन व मंत्री आवास के नजदीक स्थित पावर स्टेशन से बिजली की तारें चोरी होने की सूचना दी गई।
शिकायत मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुकदमा संख्या 22/2026 दिनांक 01.03.2026, धारा 331(4) व 305 BNS के तहत मामला दर्ज कर जांच के लिए विशेष टीम का गठन किया।

अन्वेषण के दौरान पुलिस ने शहर के विभिन्न कबाड़ की दुकानों और कबाड़ का कार्य करने वाले लोगों से पूछताछ की। जांच के दौरान एक संदिग्ध की भूमिका सामने आई, जिसकी पहचान रंजीत उर्फ डैनी, निवासी जिला दरभंगा (बिहार), हाल निवासी खलीनी, शिमला के रूप में हुई।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी पुलिस को गुमराह करता रहा, लेकिन पुलिस ने धीरे-धीरे सबूत जुटाते हुए उसकी गाड़ी से चोरी की गई तांबे की तारें बरामद कर लीं। इसके बाद आरोपी को 06 मार्च 2026 को गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि चोरी की इस वारदात में उसके साथ सोनू सहानी (29 वर्ष) पुत्र नरेश साहनी, गांव मुस्तफापुर तहसील हनुमान नगर जिला दरभंगा (बिहार) तथा अजय सहानी उर्फ लनटुन (25 वर्ष) पुत्र उदगार साहनी, गांव मुस्तफापुर तहसील हनुमान नगर जिला दरभंगा (बिहार), हाल निवासी शिमला भी शामिल थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों को 08 मार्च 2026 को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि घटना से पहले उन्होंने संबंधित स्थान की रेकी की थी और 28 फरवरी 2026 की मध्यरात्रि को पावर स्टेशन से बिजली के तार काटकर चोरी की। चोरी किए गए तारों को जंगल के रास्ते मुख्य सड़क तक लाया गया, जहां उन्होंने अपने साथी रंजीत उर्फ डैनी को बुलाकर सामान उसकी गाड़ी में रख दिया।
गिरफ्तारी से बचने के लिए सोनू और अजय फरार हो गए थे और पुलिस की लगातार दबिश के चलते छिपे हुए थे। जैसे ही दोनों ने यहां से भागने की कोशिश की, पुलिस ने कैथलीघाट के पास दिल्ली की ओर भागते समय उन्हें गिरफ्तार कर लिया।







