संघर्ष में तेंदुए की मौत, घायल युवक, का अर्की अस्पताल में उपचार
सोलन (अर्की) 10 मार्च,
हिम नयन न्यूज़/ब्यूरो/ वर्मा।
सोलन जिला के अर्की क्षेत्र के सरली पंचायत के गांव सेरी जोबड़ी में एक साहसिक घटना सामने आई है। यहां 18 वर्षीय युवक परवेश शर्मा, जो बालक राम शर्मा का बेटा है, पर अचानक तेंदुए ने हमला कर दिया। अपनी जान बचाने के लिए युवक ने हिम्मत दिखाते हुए तेंदुए का डटकर सामना किया।
जानकारी के अनुसार तेंदुआ मौके से भागा नहीं, बल्कि युवक पर लगातार हमला करता रहा।
इस दौरान युवक और तेंदुए के बीच जोरदार संघर्ष हुआ। इस भिड़ंत में युवक ने बहादुरी दिखाते हुए तेंदुए से लड़ाई की, जिसमें अंततः तेंदुए की मौत हो गई।
हमले के दौरान युवक को चोटें भी आईं। घटना के बाद घायल युवक परवेश शर्मा को तुरंत उपचार के लिए अर्की अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज किया गया।
डॉक्टरों के अनुसार युवक की हालत अब खतरे से बाहर है।

इस घटना के बाद इलाके में लोगों के बीच चर्चा का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में पिछले कुछ समय से तेंदुए की गतिविधियां बढ़ गई हैं। लोगों ने वन विभाग से क्षेत्र में निगरानी बढ़ाने और उचित कदम उठाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।






