/अवैध खनन जारी, पुलिस ने टिप्पर व जेसीबी जब्त कर दो मामले दर्ज किए

अवैध खनन जारी, पुलिस ने टिप्पर व जेसीबी जब्त कर दो मामले दर्ज किए

बद्दी, 10 मार्च,
हिम नयन न्यूज़/ब्यूरो/ वर्मा

औद्योगिक नगरी बीबीएन (बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़) क्षेत्र में अवैध खनन की गतिविधियां लगातार सामने आ रही हैं। इसी क्रम में पुलिस थाना बद्दी की टीम ने कार्रवाई करते हुए एक टिप्पर और एक जेसीबी मशीन को जब्त किया है तथा आरोपियों के खिलाफ दो अलग-अलग मामले दर्ज किए हैं।

मिली जानकारी के अनुसार पहले मामले में पुलिस टीम ने मोतिया प्लाजा के पास नाकाबंदी के दौरान एक बिना नंबर के टिप्पर को रोका, जो ग्रेवल से भरा हुआ था। पूछताछ के दौरान चालक हैप्पी पडवाल निवासी जम्मू-कश्मीर खनन से संबंधित कोई भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया।

दूसरे मामले में पुलिस टीम ने अल्पला कंपनी के पास लगती खड्ड में दबिश दी, जहां रात के अंधेरे में एक जेसीबी मशीन और एक बिना नंबर का टिप्पर अवैध खनन करते हुए पाए गए। पुलिस ने मौके पर जेसीबी चालक मनदीप सिंह तथा टिप्पर चालक हरकिरत सिंह निवासी कालका, हरियाणा को काबू कर लिया।

पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर आरोपियों के खिलाफ पुलिस थाना बद्दी में भारतीय न्याय संहिता (BNS) और माइनिंग एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामले दर्ज किए हैं। मामले में आगे की जांच जारी है।