/आईएसबीटी टूटीकंडी से प्री-पेड टैक्सी सेवा शुरू।

आईएसबीटी टूटीकंडी से प्री-पेड टैक्सी सेवा शुरू।

यात्रियों को मिलेगी पारदर्शी और सुरक्षित सुविधा

शिमला, 10 मार्च,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने आज शिमला के अंतर्राज्यीय बस अड्डा (आईएसबीटी) टूटीकंडी से प्री-पेड टैक्सी सेवा का शुभारंभ किया।

इस नई सुविधा के शुरू होने से यात्रियों को सुरक्षित, पारदर्शी और सुविधाजनक टैक्सी सेवा उपलब्ध हो सकेगी।

इस सेवा के अंतर्गत यात्री आईएसबीटी टूटीकंडी स्थित प्री-पेड टैक्सी काउंटर से टैक्सी बुक करवा सकेंगे। काउंटर पर किराया जमा करने के बाद यात्री को भुगतान पर्ची दी जाएगी, जिसे टैक्सी चालक को दिखाना अनिवार्य होगा। इसके बाद चालक यात्री को निर्धारित गंतव्य तक पहुंचाएगा। यात्रा पूरी होने के बाद चालक उस पर्ची को काउंटर पर जमा कर अपना भुगतान प्राप्त करेगा।

किराया पहले ही निर्धारित और अदा किया जाएगा, जिससे यात्रियों को किराए को लेकर चालकों के साथ किसी प्रकार की असुविधा या विवाद का सामना नहीं करना पड़ेगा।

यह प्री-पेड टैक्सी सेवा शिमला शहर के भीतर 26 स्थानों को कवर करेगी। इसके अतिरिक्त चंडीगढ़ अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा और चंडीगढ़ शहर को भी इस सेवा में शामिल किया गया है।
इस सेवा के अंतर्गत कुल 115 टैक्सियां शामिल होंगी, जिनका संचालन टैक्सी यूनियन द्वारा किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कहा कि यह पहल टैक्सी सेवाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करेगी, क्योंकि किराया दरें परिवहन विभाग द्वारा अधिसूचित की गई हैं। इससे यात्रियों की सुरक्षा भी बढ़ेगी और पर्यटकों के साथ-साथ स्थानीय निवासियों को भी इसका लाभ मिलेगा।

इस अवसर पर विधायक हरीश जनारथा, महापौर सुरेन्द्र चौहान, उप-महापौर उमा कौशल, पुलिस महानिदेशक अशोक तिवारी, उपायुक्त अनुपम कश्यप, पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित रहे।