/शिमला: हॉली लॉज के पास नाली में मिला युवक का शव, सिर पर गंभीर चोट।

शिमला: हॉली लॉज के पास नाली में मिला युवक का शव, सिर पर गंभीर चोट।

शिमला,11 मार्च,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा

राजधानी शिमला के हॉली लॉज क्षेत्र में गत दिवस एक अज्ञात युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, गत दिवस प्रातः किसी अज्ञात व्यक्ति ने फोन के माध्यम से थाना सदर शिमला को सूचना दी कि हॉली लॉज के पास एक व्यक्ति अचेत अवस्था में पड़ा हुआ है।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके के लिए रवाना हुई।
मौके पर पहुँचने पर पुलिस ने पाया कि सड़क के दाहिने किनारे एक निर्माणाधीन भवन के पीछे नाली में एक अज्ञात युवक (उम्र लगभग 20 से 25 वर्ष) मुँह के बल गिरा हुआ पड़ा था।

पुलिस ने युवक को बाहर निकालकर जांच की, लेकिन वह मृत अवस्था में पाया गया।
पुलिस के अनुसार मृतक के सिर में गंभीर चोट थी और उसके नाक, मुँह तथा कान से खून निकल रहा था।

मौके का निरीक्षण करने के साथ-साथ फोटोग्राफी की गई और आसपास मौजूद लोगों के बयान भी दर्ज किए गए।

आस-पास के क्षेत्र में पूछताछ और शिनाख्त करवाई गई, लेकिन मृतक के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल पाई।

युवक की जेबों की तलाशी लेने पर भी कोई पहचान पत्र बरामद नहीं हुआ।

पुलिस ने शव को आगे की पुष्टि के लिए IGMC शिमला पहुंचाया, जहां ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर ने उसे brought dead घोषित कर दिया।

प्रथम दृष्टया पुलिस का मानना है कि युवक का पाँव फिसलने से लगभग 35–40 फुट ऊँचे डंगे से नाली में गिरने के कारण मौत हुई हो सकती है।

मृतक की पहचान के लिए शव को नियमानुसार 72 घंटे के लिए IGMC शवगृह में रखा गया है। पुलिस ने इस मामले में धारा 194 BNSS के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है और आगे की जांच जारी है।

यदि कोई व्यक्ति इस युवक के बारे में जानकारी रखता है तो वह थाना सदर शिमला से संपर्क कर सकता है।