/नालका (घरेड) में कृषि उपकरण वितरण कार्यक्रम,

नालका (घरेड) में कृषि उपकरण वितरण कार्यक्रम,

13 गांवों के किसानों को मिला लाभ

बद्दी 11 मार्च,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/वर्मा

हिमाचल प्रदेश के दून विधानसभा क्षेत्र के विधायक रामकुमार चौधरी आज ग्राम पंचायत नालका (घरेड) में आयोजित कृषि उपकरण वितरण कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।


इस दौरान उन्होंने क्षेत्र के पात्र किसानों को कृषि उपकरण वितरित किए।

विधायक रामकुमार चौधरी ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों की आय बढ़ाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने के लिए विभिन्न योजनाओं के माध्यम से निरंतर कार्य कर रही है।

उन्होंने बताया कि वाटरशेड परियोजना के अंतर्गत क्षेत्र के 13 गांवों के लाभार्थियों को लगभग 16 लाख रुपये की लागत से 171 स्प्रे पंप, 200 पाइप रोल और 235 अन्य कृषि उपकरण वितरित किए गए हैं, जिससे किसानों को खेती के कार्यों में सुविधा मिलेगी और उत्पादन क्षमता बढ़ेगी।

उन्होंने बताया कि बीते तीन वर्षों में ग्राम पंचायत नालका में करीब 1 करोड़ 25 लाख 42 हजार रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्य पूरे किए गए हैं, जबकि दून विधानसभा क्षेत्र में उनके कार्यकाल के दौरान लगभग 600 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाएं क्रियान्वित की जा चुकी हैं।


विधायक ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों को फसलों का उचित मूल्य दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है। इसी क्रम में हल्दी की खरीद के लिए 90 रुपये प्रति किलोग्राम समर्थन मूल्य तय किया गया है। साथ ही गेहूं और मक्की की खरीद के लिए भी न्यूनतम समर्थन मूल्य निर्धारित किया गया है।

उन्होंने किसानों से अपनी उपज के विक्रय के लिए कृषि विभाग में पंजीकरण करवाने का आग्रह किया।

उन्होंने दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने, सहकारी समितियों को मजबूत करने और स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की योजनाओं की भी जानकारी दी।

इसके साथ ही उन्होंने क्षेत्र में विभिन्न संपर्क मार्गों, पुलियों और इंटरलॉक टाइल कार्यों के लिए धनराशि उपलब्ध करवाने की घोषणा की।

इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी पट्टा कुलदीप सिंह, ग्राम पंचायत नालका के पूर्व प्रधान प्रेम, रामलाल, पूर्व वार्ड पंच प्रताप सहित अन्य प्रतिनिधि एवं ग्रामीण भी उपस्थित रहे।