लोगों से सहयोग की अपील
बद्दी 11 मार्च,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा
नगर निगम बद्दी क्षेत्र में ई-कचरे के वैज्ञानिक एवं सुव्यवस्थित प्रबंधन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से स्वराजमाजरा के समीप लोक निर्माण विभाग (PWD) के उपमंडल कार्यालय बद्दी की पार्किंग के नजदीक स्थित शेड को ई-कचरा संग्रहण के लिए अधिकृत स्थान के रूप में चिन्हित किया गया है।
यह जानकारी नगर निगम बद्दी की आयुक्त सोनाक्षी सिंह तोमर ने दी।
आयुक्त सोनाक्षी सिंह तोमर ने बताया कि नगर निगम क्षेत्र में इलेक्ट्रॉनिक कचरे के उचित निस्तारण के लिए यह पहल की गई है, ताकि पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा दिया जा सके और ई-कचरे से होने वाले प्रदूषण को रोका जा सके।
उन्होंने कहा कि इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों से उत्पन्न कचरा यदि खुले में फेंका जाता है तो यह पर्यावरण और मानव स्वास्थ्य के लिए हानिकारक साबित हो सकता है। इसलिए ऐसे कचरे का सुरक्षित और निर्धारित स्थान पर ही निपटान आवश्यक है।
उन्होंने बताया कि नगर निगम बद्दी क्षेत्र के निवासी, व्यापारी, संस्थान और औद्योगिक इकाइयाँ अपने यहां से निकलने वाले ई-कचरे को निर्धारित कार्य दिवसों में नगर निगम बद्दी कार्यालय को सूचित कर इस अधिकृत स्थल पर जमा करवा सकते हैं।
इसके माध्यम से ई-कचरे को व्यवस्थित रूप से एकत्रित कर आगे वैज्ञानिक तरीके से उसका निस्तारण किया जाएगा।
आयुक्त ने क्षेत्र के लोगों से अपील की कि वे अपने घरों या संस्थानों में अनुपयोगी पड़े इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को सामान्य कचरे के साथ न फेंकें, बल्कि उन्हें निर्धारित स्थल पर जमा करवाकर नगर निगम के इस पर्यावरण संरक्षण अभियान में सहयोग करें।










