सोलन, 11 मार्च,
हिम नयन न्यूज /ब्यूरो/ वर्मा
हिमाचल प्रदेश के सोलन जिला पुलिस की स्पेशल इन्वेस्टिगेशन यूनिट (SIU) ने गुप्त सूचना के आधार पर सोलन बाईपास स्थित एक होटल में दबिश देकर चिट्टा तस्करी के मामले का भंडाफोड़ किया है।
मिली जानकारी के मुताबिक पुलिस ने होटल के एक कमरे में ठहरे पांच युवकों को गिरफ्तार किया, जिनके कब्जे से 21.18 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया गया।
पुलिस के अनुसार पकड़े गए युवकों में चार आरोपी हरियाणा के निवासी हैं, जबकि एक आरोपी सोलन जिले का रहने वाला बताया गया है। मौके पर पुलिस ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों को हिरासत में ले लिया।

इस संबंध में पुलिस थाना सदर सोलन में FIR नंबर 68/2026, दिनांक 11 मार्च 2026, धारा 21 और 29 NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
गिरफ्तार किए गए सभी आरोपियों को 12 मार्च 2026 को माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से पुलिस ने तीन दिन का रिमांड हासिल किया है।

पुलिस रिमांड के दौरान आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है ताकि चिट्टा तस्करी से जुड़े अन्य नेटवर्क और सप्लाई चैन का पता लगाया जा सके।
पुलिस आरोपियों के पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है और मामले में आगे की जांच जारी है।










