जसविंदर लक्की प्रधान, देवेंद्र चौधरी महासचिव बने
बद्दी 15 मार्च,
हिम नयन न्यूज़/ब्यूरो/ रजनीश ठाकुर
औद्योगिक नगरी बीबीएन की हाईप्रोफाइल ओमैक्स पार्कवुड रेजिडेंट सोसाइटी के चुनाव में जसविंदर उर्फ लक्की ने अपने प्रतिद्वंद्वी वरयाम को 36 मतों से हराकर प्रधान पद पर जीत दर्ज की। वहीं महासचिव पद के लिए हुए कड़े मुकाबले में देवेंद्र चौधरी ने संजय पटियाल को 6 मतों से पराजित किया।
चुनाव में उपाध्यक्ष पद पर नवीन शर्मा ने संजीव शर्मा को 4 मतों से हराया, जबकि कोषाध्यक्ष पद के मुकाबले में राहुल ने अंशुमन उप्पल को 62 मतों से शिकस्त दी। प्रधान पद के लिए जसविंदर लक्की को 165 वोट मिले, जबकि वरयाम को 129 मत प्राप्त हुए। सोसाइटी के कुल 310 मतदाताओं में से 295 ने मतदान कर चुनाव में उत्साह के साथ भाग लिया।

करीब 15 दिनों से चुनावी माहौल गर्माया हुआ था और बीबीएन क्षेत्र में इस चुनाव की व्यापक चर्चा रही। बताया जा रहा है कि हाल ही में कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए जसविंदर लक्की की जीत को स्थानीय राजनीति से भी जोड़कर देखा जा रहा है।
राजनीतिक जानकारों के अनुसार ओमैक्स सोसाइटी का यह चुनाव क्षेत्र में होने वाले पंचायत और अन्य स्थानीय चुनावों की संभावित दिशा का संकेत भी दे रहा है।
चुनाव प्रक्रिया तहसीलदार सतेंद्र जीत की अगुवाई में पूरी हुई। सोलन से आए प्रशासनिक पर्यवेक्षक एलडी शर्मा और राकेश ठाकुर की मौजूदगी में परिणाम घोषित किए गए। इस दौरान पुलिस प्रशासन और आरओ टीम के सदस्य भी मौजूद रहे।







