पुलिस जांच में जुटी
सोलन 16 मार्च,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा
सोलन जिला के करालघाट में सूर देवता मंदिर के समीप सोमवार को एक युवक और युवती मृत अवस्था में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस पोस्ट भोजनगर को सूचना मिली कि एक युवक पेड़ से लटका हुआ है, जबकि कुछ दूरी पर एक युवती हेलमेट पहने अचेत अवस्था में पड़ी हुई है, जो प्रथम दृष्टया मृत प्रतीत हो रही है।
सूचना मिलते ही पुलिस पोस्ट भोजनगर की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। इसके बाद पुलिस थाना परवाणू के प्रभारी तथा एसडीपीओ परवाणू भी घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे क्षेत्र का निरीक्षण किया।
प्रारंभिक जांच के दौरान दोनों मृतकों के परिजनों को भी मौके पर बुलाया गया। अनौपचारिक पूछताछ में सामने आया है कि युवक और युवती एक-दूसरे को जानते थे।

मृतकों की पहचान याशिका लामा (20) पुत्री राजू, स्थायी निवासी नेपाल, वर्तमान में गौतम बुद्ध विहार देओंघाट, तथा करण (21) पुत्र लायक राम, निवासी गांव पदग्यानी, डाकघर कुमारहट्टी, तहसील एवं जिला सोलन के रूप में हुई है।
घटनास्थल की वैज्ञानिक जांच के लिए फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) की टीम को भी बुलाया गया, जो मौके से आवश्यक साक्ष्य एकत्र कर रही है। एफएसएल की कार्यवाही पूरी होने के बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा, जिसका आयोजन मंगलवार को किया जाएगा।
पुलिस के अनुसार मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।








