/नालागढ़ कॉलेज में वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह,

नालागढ़ कॉलेज में वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह,

मेधावी छात्र हुए सम्मानित।

नालागढ़, 16 मार्च,
हिम नयन न्यूज़/ब्यूरो/वर्मा

राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय नालागढ़ में गत दिवस वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नालागढ़ के विधायक हरदीप सिंह बावा मुख्य अतिथि तथा के.के. हॉस्पिटल के प्रबंध निदेशक बहादुर खान विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए।

दोनों अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर समारोह का शुभारंभ किया।

महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अनुज साहनी ने अतिथियों, अभिभावकों और विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए कॉलेज की वार्षिक प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की।

उन्होंने वर्ष 2025-26 के दौरान शैक्षणिक, खेलकूद तथा एनएसएस, एनसीसी, रोवर्स-रेंजर्स सहित विभिन्न गतिविधियों में विद्यार्थियों की उपलब्धियों की जानकारी दी।
इस अवसर पर खेल, शिक्षा और अन्य गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पदक और प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया।

श्रीनिवास रामानुजन डिजिटल योजना के अंतर्गत भी कई विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। वहीं गणतंत्र दिवस परेड में भाग लेने वाले एनसीसी के छात्र शशांक और हर्षदीप सिंह को विशेष सम्मान प्रदान किया गया।

विशिष्ट अतिथि बहादुर खान ने विद्यार्थियों को स्वस्थ जीवन और अनुशासन के महत्व के बारे में बताया। विधायक हरदीप सिंह बावा ने कॉलेज की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि युवाओं को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है।

उन्होंने छात्रों से नशे जैसे चिट्टा से दूर रहने और शिक्षा के माध्यम से उज्ज्वल भविष्य बनाने की अपील की।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने हिमाचली नाटी और अन्य लोक नृत्यों की शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दीं, जिन्हें दर्शकों ने खूब सराहा।

अंत में कॉलेज प्रशासन ने मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथि और सभी उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों का धन्यवाद किया तथा राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन किया।