शिमला 19 मार्च,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा
जिला पुलिस शिमला ने तत्परता और तकनीक के प्रभावी उपयोग का परिचय देते हुए लापता 13 वर्षीय नाबालिग लड़की को मात्र 24 घंटे के भीतर सुरक्षित बरामद कर लिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, श्रीमती संगीता निवासी जिला Shimla द्वारा दी गई लिखित शिकायत में बताया गया कि उनकी 13 वर्षीय पोती 17 मार्च 2026 को शाम लगभग 6:00 बजे बिना किसी को बताए घर से चली गई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने तत्काल संबंधित थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 137(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तकनीकी साधनों एवं समन्वित प्रयासों के माध्यम से खोज अभियान चलाया और 24 घंटे के भीतर नाबालिग का पता लगाकर उसे सुरक्षित बरामद कर लिया। जांच के दौरान पता चला कि लड़की अपनी एक सहेली के पास चली गई थी।
बरामद नाबालिग को सुरक्षित रूप से उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। इस सफल कार्रवाई से पुलिस की तत्परता और दक्षता का एक सकारात्मक उदाहरण सामने आया है।









