/विधानसभा परिसर में हंगामा, विपक्ष ने माफिया संरक्षण के लगाए आरोप

विधानसभा परिसर में हंगामा, विपक्ष ने माफिया संरक्षण के लगाए आरोप

शिमला 19 मार्च,
हिम नयन न्यूज़/ब्यूरो/वर्मा

हिमाचल प्रदेश विधानसभा के बजट सत्र के दूसरे दिन सदन के भीतर और बाहर राजनीतिक माहौल गरम रहा। भाजपा विधायकों ने विधानसभा परिसर में सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कानून व्यवस्था और पर्यावरण संरक्षण को लेकर गंभीर सवाल उठाए।

नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि प्रदेश में अवैध वन कटान और खनन गतिविधियों को सरकार का संरक्षण मिल रहा है। उन्होंने सिरमौर जिले के शिलाई क्षेत्र का उदाहरण देते हुए कहा कि अनुमति से कहीं अधिक संख्या में पेड़ों की कटाई की गई।

इसके अलावा धर्मपुर क्षेत्र में भी अवैध कटान के आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि साक्ष्यों को मिटाने के प्रयास किए गए, जो प्रशासनिक विफलता को दर्शाता है।

विपक्ष का कहना है कि निजी भूमि की आड़ में संरक्षित वन क्षेत्रों में कटान और अवैध खनन तेजी से बढ़ रहा है, जिससे पर्यावरण और सरकारी राजस्व दोनों को नुकसान हो रहा है।

नेता प्रतिपक्ष ने सरकार से जवाबदेही तय करने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की, साथ ही चेतावनी दी कि इस मुद्दे को सदन से लेकर सड़क तक उठाया जाएगा।