/शिमला पुलिस की पहल—पंचायत स्तर पर नशा निवारण अभियान को गति।

शिमला पुलिस की पहल—पंचायत स्तर पर नशा निवारण अभियान को गति।

शिमला, 20 मार्च,
हिम नयन न्यूज़ /ब्यूरो/ वर्मा


हिमाचल में नशे के बढ़ते प्रचलन पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से शिमला पुलिस द्वारा भी “डिमांड साइड स्ट्रेटजी” के तहत जनजागरूकता अभियान को लगातार मजबूत किया जा रहा है। याद रहे कि पहले बिलासपुर की महिलाओं ने भी इस तरह के कार्यक्रम में बढ़ चढ़ कर भागीदारी दिखाने का प्रयास किया गया था जिन के विरुद्ध ही मामले दर्ज हो गए थे ।

इसी कड़ी में पुलिस चौकी सराहन के अंतर्गत पंचायत स्तर नशा निवारण समिति की बैठक का आयोजन एसडीपीओ रामपुर की अध्यक्षता में किया गया।

बैठक में पंचायत किन्नू, शाहधार, सराहन एवं बौण्डा के गणमान्य व्यक्तियों सहित पुलिस अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।

इस अवसर पर मादक पदार्थों के विरुद्ध कानूनों, विशेषकर एनडीपीएस एक्ट एवं पीआईटी एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी गई तथा नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया।

इस बैठक के दौरान यह निर्णय लिया गया कि पंचायत स्तर पर युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए व्यापक जागरूकता अभियान चलाए जाएंगे। साथ ही, क्षेत्र के संवेदनशील स्थानों की पहचान कर वहां विशेष निगरानी एवं रोकथाम की व्यवस्था सुदृढ़ की जाएगी।

पुलिस प्रशासन ने स्थानीय नागरिकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर बल देते हुए उन्हें विभिन्न कार्यक्रमों व गतिविधियों से जोड़ने की आवश्यकता पर जोर दिया।

इसके अतिरिक्त, पुलिस और आम जनता के बीच बेहतर तालमेल एवं सूचनाओं के आदान-प्रदान को मजबूत करने की दिशा में भी विशेष पहल करने की बात कही गई।

बैठक में उपस्थित सभी प्रतिनिधियों ने क्षेत्र को नशा मुक्त बनाने के लिए पुलिस प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया।

शिमला पुलिस के अनुसार, आगामी समय में अन्य पुलिस उपमंडलों में भी पंचायत स्तर पर नशा निवारण समिति की बैठकें आयोजित की जाएंगी, ताकि पूरे जिले में नशे के खिलाफ अभियान को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।