बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश
शिमला 20 मार्च,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा
हिमाचल के जिला पुलिस शिमला द्वारा नशा तस्करों के खिलाफ “जीरो टॉलरेंस” नीति के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए एक संगठित LSD तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़ किया गया है।
पुलिस थाना न्यू शिमला ने 10 मार्च 2026 को संदीप शर्मा (जिला मोगा, पंजाब) और प्रिया शर्मा (जिला सिरमौर, हिमाचल प्रदेश) के कब्जे से 562 स्टैम्प (कुल 11.570 ग्राम) LSD बरामद की।

मामले की बैकवर्ड जांच में LSD के सप्लायर की पहचान नविएल हैरिसन (कालीकट, केरल) के रूप में हुई, जिसे 13 मार्च 2026 को गुरुग्राम (हरियाणा) से गिरफ्तार किया गया।
जांच के दौरान चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि कुल्लू जिले में इस तस्करी नेटवर्क को रोकने के बजाय STF में तैनात चार पुलिस कर्मियों—राजेश कुमार, समीर, नितेश और अशोक कुमार—ने आरोपियों के साथ मिलकर नशा तस्करी को बढ़ावा दिया। यह मामला गंभीर अनुशासनहीनता, आपराधिक षड्यंत्र और नैतिक कदाचार का उदाहरण है।
शिमला पुलिस की संस्तुति पर विस्तृत जांच के बाद ADG CID द्वारा 16 मार्च 2026 को इन चारों पुलिस कर्मियों को निलंबित कर दिया गया। इसके बाद डिजिटल, भौतिक और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर 19 मार्च 2026 को चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
इस की पुष्टि करते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह ने बताया कि यह कार्रवाई मुख्यमंत्री की “जीरो टॉलरेंस” नीति के तहत संगठित नशा तस्करी के खिलाफ सख्त रुख को दर्शाती है।

हिमाचल प्रदेश पुलिस ने नागरिकों, विशेषकर युवाओं से अपील की है कि नशे से संबंधित किसी भी सूचना की तुरंत जानकारी 112 या नजदीकी पुलिस थाना को दें। सूचना देने वालों की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।










