/मशोबरा अपहरण-फिरौती मामले में दो और आरोपी गिरफ्तार।

मशोबरा अपहरण-फिरौती मामले में दो और आरोपी गिरफ्तार।

शिमला, 25 मार्च,
हिम नयन न्यूज़ /ब्यूरो/ वर्मा।

हिमाचल के जिला शिमला पुलिस ने मशोबरा क्षेत्र में अपहरण कर फिरौती मांगने के प्रयास के मामले में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करते हुए दो और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

इसके साथ ही इस मामले में कुल पांच आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित हो चुकी है।

इस बात की पुष्टि करते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह ने बताया कि जांच के दौरान गिरफ्तार आरोपी मनीष वर्मा उर्फ मोनू से पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर यह खुलासा हुआ कि 20 मार्च 2026 को तारापुर में हुई वारदात में टशी छेरिंग नेगी, राजेन्द्र कुमार उर्फ राजू (42 वर्ष, निवासी कुमाहली, शिमला) तथा मनमोहन चौहान उर्फ अनु (36 वर्ष, निवासी मैना, ठियोग) भी शामिल थे। सभी आरोपी घटना के समय एक ही वाहन में सवार थे और पिछले 3-4 महीनों से वारदात की योजना बना रहे थे।

पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए राजेन्द्र कुमार को मशोबरा के समीप तथा मनमोहन चौहान को ठियोग ट्रक यूनियन के पास से हिरासत में लेकर पूछताछ के बाद पुलिस थाना ढली में विधिवत गिरफ्तार किया।

इससे पहले गिरफ्तार आरोपी—चरणजीत सिंह, टशी छेरिंग नेगी और मनीष वर्मा—को 24 मार्च 2026 को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें पांच दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। वहीं, नव गिरफ्तार दोनों आरोपियों को आज न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

पुलिस ने मामले में शामिल सभी आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है और सभी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है।