शिमला 27 मार्च ,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा
जिला शिमला पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए 94 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) के साथ पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस संबंध में अभियोग संख्या 50/26 दिनांक 20-03-2026 के तहत NDPS Act की धारा 21 व 29 में मामला दर्ज किया गया है।
जानकारी के अनुसार 19 मार्च को पुलिस के स्पेशल सेल को विश्वसनीय सूचना प्राप्त हुई, जिसके आधार पर तारादेवी–टूटू बाईपास क्षेत्र में नाकाबंदी की गई। तारादेवी जीरो पॉइंट से करीब 100 मीटर आगे एक काले रंग की स्विफ्ट कार (HR12AX5838) को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें पांच लोग सवार थे।
तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से करीब 94 ग्राम हेरोइन/चिट्टा बरामद किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अंजित, इरफान, रविकांत, मुकेश और नरेन्द्र (सभी निवासी हरियाणा) के रूप में हुई है।
पुलिस ने सभी आरोपियों को अदालत में पेश किया, जहां से पांच दिन का पुलिस रिमांड प्राप्त किया गया। बाद में चार आरोपियों को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया, जबकि मुख्य आरोपी अंजित को पुनः पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और नशे के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य पहलुओं का भी पता लगाया जा रहा है।







