शिमला, 28 मार्च ,
हिम नयन न्यूज़/ब्यूरो/ वर्मा
पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री के उस बयान की कड़ी निंदा की, जिसमें दुर्लभ कैंसर के इलाज को पुरुषों की बच्चेदानी निकालने से जोड़कर प्रस्तुत किया गया। उन्होंने इसे शर्मनाक और भ्रामक बताया।

पत्रकार वार्ता में जयराम ठाकुर ने कहा कि जिन मामलों का उल्लेख किया गया है, वे दुर्लभ कैंसर के इलाज से जुड़े हैं, जिनमें किसी प्रकार का ऑपरेशन नहीं हुआ, बल्कि मरीजों को कीमोथेरेपी दवाओं का संयोजन दिया गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि हिमकेयर योजना के तहत उपचार प्रोटोकॉल के अनुसार दवाओं का उपयोग किया गया और सभी मरीजों का सफल इलाज हुआ।
उन्होंने बताया कि इन मरीजों में 12 वर्षीय बच्चा और 71 वर्षीय बुजुर्ग सहित चार पुरुष शामिल थे, जिनका इलाज विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में किया गया। कुल उपचार लागत लगभग ₹67,800 रही और किसी भी मरीज की सर्जरी या बच्चेदानी निकालने जैसी कोई प्रक्रिया नहीं हुई।

जयराम ठाकुर ने कहा कि दुर्लभ कैंसरों के लिए चिकित्सा प्रोटोकॉल स्पष्ट न होने के कारण उपलब्ध पैकेजों के माध्यम से उपचार किया जाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री राजनीतिक कारणों से हिमकेयर जैसी लोकप्रिय योजना को बदनाम करने का प्रयास कर रहे हैं।

उन्होंने मुख्यमंत्री से इस बयान पर माफी मांगने की मांग करते हुए कहा कि इस तरह की बयानबाजी से जनता में भ्रम फैलता है और स्वास्थ्य सेवाओं पर अनावश्यक संदेह उत्पन्न होता है।









