/परवाणू में चिट्टा तस्करी का भंडाफोड़, 4 आरोपी गिरफ्तार।

परवाणू में चिट्टा तस्करी का भंडाफोड़, 4 आरोपी गिरफ्तार।

सोलन (परवाणू), 28 मार्च
हिम नयन न्यूज़/ब्यूरो/ वर्मा

पुलिस थाना परवाणू की टीम ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 9.28 ग्राम चिट्टा/हेरोइन के साथ एक युवक सहित कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच तेज कर दी है।

जानकारी के अनुसार, 27 मार्च 2026 को पुलिस टीम कामली पुल के समीप नियमित गश्त व यातायात जांच कर रही थी।

इसी दौरान टिपरा की ओर से आ रहे एक मोटरसाइकिल सवार को संदेह के आधार पर रोका गया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 9.28 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद हुई।

आरोपी की पहचान अक्षय कुमार (21), निवासी कालर, जिला मंडी के रूप में हुई।


मौके पर कानूनी कार्रवाई के दौरान अचानक दो महिलाएं और एक पुरुष वहां पहुंच गए और आरोपी को छुड़ाने का प्रयास करते हुए पुलिस कार्यवाही में बाधा डालने लगे। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए तीनों को भी मौके पर काबू कर लिया।

उनकी पहचान अबुलेश (33), निशा उर्फ निशा शेख (28) और फिज्जा (32), निवासी परवाणू के रूप में हुई।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सभी आरोपी चिट्टा तस्करी नेटवर्क से जुड़े हुए हैं। पुलिस ने सभी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है।

जांच के दौरान यह भी पता चला है कि अबुलेश के खिलाफ पहले से 3 और निशा के खिलाफ 2 मामले चिट्टा तस्करी से संबंधित दर्ज हैं।

अन्य आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है।