शिमला, 30 मार्च,
हिम नयन न्यूज़/ब्यूरो/वर्मा
जिला शिमला पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कोटखाई क्षेत्र में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस को गुप्त सूचना के आधार पर महासू–कोकूनाला मार्ग पर नाकाबंदी के दौरान हरियाणा नंबर की टाटा सफारी को रोका गया।

वाहन चालक ने भागने की कोशिश करते हुए पिकअप को टक्कर मार दी, लेकिन पुलिस ने तत्परता से दोनों को काबू कर लिया। आरोपियों की पहचान रूवल चौहान (26), निवासी कोटखाई और रमनजीत सिंह (50), निवासी मोहाली के रूप में हुई है।
तलाशी के दौरान वाहन से एक पिस्टल, कारतूस संबंधी सामग्री, चाकू, 6.15 ग्राम क्रिस्टल मेथ (आईस) और 2.25 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट, आर्म्स एक्ट व अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।









