विकास को मिलेगा नया बल: बिंदल
शिमला 30 मार्च,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा
राजीव बिंदल ने केंद्र सरकार द्वारा “प्राइड ऑफ हिल्स: स्पेशल डेवलपमेंट असिस्टेंस फॉर हिल स्टेट्स (SASCI 2026-27)” के तहत हिमाचल प्रदेश को ₹3,920 करोड़ की विशेष सहायता दिए जाने पर नरेंद्र मोदी का आभार जताया है।
उन्होंने कहा कि यह सहायता केवल वित्तीय पैकेज नहीं, बल्कि प्रधानमंत्री के हिमाचल के प्रति विशेष स्नेह और संवेदनशीलता का प्रतीक है।
पहाड़ी राज्यों को भौगोलिक कठिनाइयों और सीमित संसाधनों के कारण विकास में आने वाली चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है।
डॉ. बिंदल के अनुसार, केंद्र सरकार द्वारा घोषित ₹25,000 करोड़ के विशेष प्रावधान में से हिमाचल को ₹3,920 करोड़ का आवंटन किया गया है, जिससे प्रदेश में सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, जलापूर्ति और अन्य आधारभूत ढांचे के विकास को गति मिलेगी।
राजीव बिंदल ने कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि एक ओर प्रदेश कर्ज के बोझ से दबता जा रहा है, वहीं केंद्र सरकार लगातार आर्थिक सहयोग देकर हिमाचल को सशक्त बनाने का कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा कि मोदी सरकार का यह कदम “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास” की भावना को साकार करता है और पहाड़ी राज्यों के समग्र विकास के लिए मील का पत्थर साबित होगा।
अंत में उन्होंने नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार का धन्यवाद करते हुए विश्वास जताया कि यह सहायता हिमाचल प्रदेश को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।








