/शिमला चिट्टा तस्करी केस में बड़ी कार्रवाई, नेटवर्क का एक और आरोपी गिरफ्तार

शिमला चिट्टा तस्करी केस में बड़ी कार्रवाई, नेटवर्क का एक और आरोपी गिरफ्तार

₹28 लाख के लेन-देन का खुलासा, अब तक 8 आरोपी गिरफ्तार।

शिमला 31 मार्च,
हिम नयन न्यूज़/ब्यूरो/ वर्मा

हिमाचल के शिमला जिले के चिरगांव थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज चिट्टा तस्करी मामले में शिमला पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नेटवर्क के एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, 2 फरवरी 2026 को 83 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) और ₹45,000 नकद बरामदगी के मामले में धारा 21, 25, 29 और 27(ए) एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया था। प्रारंभिक जांच में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था, जबकि आगे की कार्रवाई में नेटवर्क के बड़े डिस्ट्रीब्यूटर विजेंद्र सिंह उर्फ छोटू (चिड़गांव) और मुख्य सरगना हरदीप सिंह (फिरोजपुर, पंजाब) की भूमिका सामने आई।

बैंक खातों के विश्लेषण में हरदीप सिंह के खाते में पिछले सात महीनों में करीब ₹28 लाख के लेन-देन का खुलासा हुआ, जिसमें जशनदीप सहित कई लोगों की संलिप्तता पाई गई।

तकनीकी जांच और लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने नेटवर्क के बैकवर्ड लिंक स्थापित करते हुए 30 मार्च 2026 को एक और आरोपी शुभम डारकाल (24), निवासी चिरगांव, जिला शिमला को गिरफ्तार किया।

जांच में सामने आया कि शुभम का मुख्य सप्लायर हरदीप सिंह के साथ करीब ₹10 लाख तथा मुख्य आरोपी जशनदीप के साथ भी वित्तीय लेन-देन रहा है।

पुलिस के अनुसार, अब तक इस मामले में कुल 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जिनमें 3 आरोपी पंजाब के मोगा और फिरोजपुर जिलों से संबंधित हैं।

फिलहाल मामले की जांच जारी है और गिरफ्तार आरोपी को नियमानुसार अदालत में पेश किया जा रहा है।