SFI से जुड़े छात्रों द्वारा युवक पर लोहे की रॉड से हमला, अब तक कुल पांच आरोपी गिरफ्त में
शिमला, 31 मार्च,
हिम नयन न्यूज़ / ब्यूरो/ वर्मा
जिला शिमला पुलिस ने कानून-व्यवस्था भंग करने एवं हिंसात्मक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए त्वरित कार्रवाई की है।

पुलिस ने समरहिल मारपीट मामले में दो और आरोपियों को गिरफ्तार कर जांच को आगे बढ़ाया है।
मामले के अनुसार,शिकायतकर्ता अंकित चंदेल ने 27 फरवरी को पुलिस थाना बालूगंज में शिकायत दर्ज करवाई थी कि समरहिल स्थित यूनिवर्सिटी डिस्पेंसरी के समीप SFI से जुड़े कुछ छात्रों ने उस पर लोहे की रॉड से हमला किया, जिससे उसके सिर पर गंभीर चोटें आईं।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने अभियोग संख्या 30/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया।
पुलिस द्वारा की गई प्रारंभिक जांच में इस प्रकरण में संलिप्त तीन आरोपियों—देवराज उर्फ राजेश, विवेक बिरसांटा एवं अंशुल मिन्हास—को 21 मार्च 2026 को गिरफ्तार कर लिया गया था, जिन्हें न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है।
इसी कड़ी में आगे की कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 30/31 मार्च की रात को दो अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कमल देव शर्मा (26) निवासी गांव हकाईना, जिला सिरमौर और प्रवेश कुमार (21) निवासी गांव द्राविल, जिला सिरमौर के रूप में हुई है।
दोनों आरोपियों को बुधवार को माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें तीन दिन की पुलिस हिरासत में भेजा गया है।
पुलिस के अनुसार, मामले की जांच जारी है और हिंसा में शामिल अन्य व्यक्तियों की पहचान कर उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।

जिला पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों के प्रति शून्य सहनशीलता की नीति अपनाई जा रही है।








