गुप्त सूचना पर नाकेबंदी कर पकड़े गए आरोपी, NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज
शिमला(रोहड़ू) 1 अप्रैल
हिम नयन न्यूज़ / ब्यूरो
जिला शिमला के रोहड़ू क्षेत्र में नशे के खिलाफ जारी अभियान के तहत पुलिस को एक अहम सफलता मिली है। विश्वसनीय गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक वाहन से चिट्टा/हेरोइन बरामद कर चार युवकों को हिरासत में लिया है।

पुलिस के अनुसार, 30 मार्च 2026 को सूचना मिली थी कि प्रिंस देशटा निवासी सैंजी अपने साथियों के साथ वाहन में मादक पदार्थ की तस्करी कर रहा है। सूचना मिलते ही थाना रोहड़ू पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित वाहन को रोककर तलाशी ली।

तलाशी के दौरान वाहन में सवार चार व्यक्तियों—प्रिंस, अंकित, रजनीश और वीरेंद्र—के कब्जे से करीब 4 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद की गई।
इस संबंध में थाना रोहड़ू में एनडीपीएस अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करते हुए उन्हें धारा 35(3) बीएनएसएस के तहत बाउंड डाउन किया है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि नशे की इस सप्लाई के पीछे कोई बड़ा नेटवर्क तो सक्रिय नहीं है।
जिला शिमला पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इस तरह की अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।









