/बागवानों की आवाज़ विधानसभा तक पहुंचाने पर हिमराल ने जताया आभार

बागवानों की आवाज़ विधानसभा तक पहुंचाने पर हिमराल ने जताया आभार

कुलदीप सिंह राठौर द्वारा उठाए गए सेब उत्पादकों के मुद्दों को बताया ऐतिहासिक

शिमला, 2 अप्रैल
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो

हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव हरि कृष्ण हिमराल ने विधानसभा में बागवानों के हित में प्रस्ताव पारित किए जाने का स्वागत करते हुए इसे ऐतिहासिक कदम बताया।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस विधायक कुलदीप सिंह राठौर ने सदन में सेब उत्पादकों के मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाकर बागवानों की आवाज़ को मजबूती दी है।

हिमराल ने कहा कि अमेरिका के साथ प्रस्तावित ट्रेड डील में सेब आयात को खुली छूट मिलने से प्रदेश के करीब डेढ़ लाख बागवान प्रभावित हो सकते हैं।

उन्होंने इसे प्रतिस्पर्धा नहीं, बल्कि छोटे किसानों के खिलाफ असमान स्थिति बताया।

उन्होंने यह भी कहा कि विदेशी सेब पर पर्याप्त नियंत्रण, मिनिमम इंपोर्ट प्राइस (MIP) का सख्त क्रियान्वयन और आयात नीति में संतुलन जरूरी है, ताकि हिमाचल के बागवानों को नुकसान न हो।

हिमराल के अनुसार, विधानसभा द्वारा पारित प्रस्ताव यह स्पष्ट संदेश देता है कि प्रदेश सरकार और जनप्रतिनिधि किसानों के हितों के साथ खड़े हैं और किसी भी कीमत पर उनके साथ समझौता नहीं किया जाएगा।